क्रूज पर नौकरी दिलाने के नाम पर 52 लाख हड़पे, मलेशिया और दुबई में कई दिन फंसे रहे 11 छात्र

झारखंड की बीबीएसएम ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इस ठगी की आरोपी है। इस कंपनी को नीतीश कुमार और उसकी पत्नी एस कुमारी संचालित करते हैं।होटल मैनेजमेंट ग्रेजुएशन डिग्री धारक युवाओं को विदेश में क्रूज पर नौकरी दिलाने के नाम पर 52 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि झारखंड निवासी दंपती ने 11 युवाओं को टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया और यूएई भेज दिया। कई दिनों तक युवा वहीं फंसे रहे। जैसे-तैसे सरकार की मदद से युवा वहां से भारत लौटे तो अब उनके इंस्टीट्यूट के प्रबंधन की ओर से आरोपी दंपती के खिलाफ प्रेमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि नंदा चौकी स्थित मां गंगे इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड प्रोफेशनल स्टडीज (एमजीआईएचएम) के उपाध्यक्ष शंकर सिंह अधिकारी ने शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की बीबीएसएम ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इस ठगी की आरोपी है। इस कंपनी को नीतीश कुमार और उसकी पत्नी एस कुमारी संचालित करते हैं। आरोपियों ने छात्रों व कॉलेजों से संपर्क कर उन्हें विदेश में क्रूज पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। युवाओं से लाखों रुपये लिए गए।




