पेपर लीक को लेकर सख्ती; अनियमितता पर अब कुलपति, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक पर होगा मुकदमा

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तकनीकी शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शैक्षणिक कैलेंडर अनिवार्य रूप से लागू करने को कहापेपर लीक होने और परीक्षाओं में किसी तरह की अनियमितता पर अब कुलपति, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह बात विधानसभा स्थित कक्ष में तकनीकी शिक्षा विभाग की बैठक में कही।विभागीय मंत्री ने कहा, अपने अधीन सभी शिक्षण संस्थानों में परीक्षा प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षाओं में शुचिता, पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए एक मजबूत तंत्र बनाना होगा। भविष्य में परीक्षाओं में किसी भी तरह की अनियमितता के लिए कुलपति, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को जिम्मेदार माना जाएगा। यह कदम परीक्षा प्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया गया है। बैठक में उन्होंने राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में 480 गेस्ट फैकल्टी के पदों पर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव एक माह से लंबित रहने पर नाराजगी जताई इसके लिए अधिकारियों को तत्काल नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए ताकि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। मंत्री ने तकनीकी शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शैक्षणिक कैलेंडर अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा। साथ ही, शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) कैलेंडर भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी संस्थानों में लंबे समय से खाली शैक्षणिक और शिक्षणेत्तर पदों को शीघ्र भरने के लिए कहा।बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में निदेशक तकनीकी शिक्षा, निदेशक राजकीय प्रौद्योगिकी गोपेश्वर, उत्तरकाशी, टिहरी, पंतनगर, टनकपुर, पिथौरागढ़, पौड़ी और अल्मोड़ा ने अपने संस्थानों में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी साझा की।
बैठक में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.तृप्ता ठाकुर, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, निदेशक राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान बौन उत्तरकाशी एचएस भदौरिया, प्रो.एचएल मंडोरिया, प्रो.शरद के प्रधान, प्रो.वीके बग्गा, प्रो.संतोष कुमार, अजीत सिंह, एसएस गुप्ता आदि मौजूद रहे।




