प्रदेश में आज और कल भारी बारिश के आसार, सीएम के निर्देश-24 घंटे सतर्क रहें अधिकारी

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से वार्ता कर सभी संबंधित जिलों और विभागों को जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने और मौसम संबंधी चेतावनियों का तत्काल स्थानीय स्तर तक प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी सूचना में देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जनपदों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड के नौ अन्य जनपदों में भी गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने खराब मौसम में अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने का आग्रह किया।




