पहले ही दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, 38 हजार श्रद्धालु पहुंचे, 12 घंटे लाइन में लगकर हुए बाबा के दर्शन

बाबा केदार के दर्शन के लिए कपाट खुलते ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी थी। शाम तक हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे।केदारनाथ मंदिर के कपाट बुधवार सुबह आठ बजे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। ऊं नमः शिवाय और जय बाबा केदार के जयघोषों, सेना के सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के बैंड की मधुर धुनों के साथ कपाट उद्घाटन हुआ।
पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से हुई। करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु कपाटोद्घाटन के साक्षी बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।
प्रशासन के मुताबित, यात्रा के पहले दिन ही तीर्थयात्रियों की इतनी भीड़ उमड़ी कि शाम तक 38 हजार तीर्थयात्री पहुंचे। वहीं, श्रद्धालुओं के अनुसार, दर्शन के लिए उन्हें 10 से 12 घंटे तक लाइन में लगना पड़ा।




