आईएमए पासिंग आउट परेड के लिए डायवर्जन प्लान होगा लागू, यहां प्रतिबंधित रहेगी आवाजाही

परेड के दौरान आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। किसी भी प्रकार के सामान्य यातायात को आईएमए की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने छह, नौ और 11 जून को विशेष यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। परेड के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। छह जून और नौ जून को सुबह पांच बजे से 10 बजे तक और 11 जून को सुबह पांच बजे से 11:30 बजे तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।परेड के दौरान आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। किसी भी प्रकार के सामान्य यातायात को आईएमए की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मिठ्ठी बेरी मार्ग होते हुए भेजा जाएगा। वहीं प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को दरू चौक, मिठ्ठी बेरी और शिमला बाईपास के रास्ते निरंजनपुर मंडी होते हुए शहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।सेलाकुई और भाऊवाला क्षेत्र से आने वाले सभी भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग के जरिये शहर की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से डायवर्ट कर धर्मावाला मार्ग की ओर रवाना किया जाएगा। एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने कहा कि लोग निर्धारित रूटों का उपयोग करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।




