दिल्ली से घूमने आई युवती ने शराब के नशे में किया हंगामा, पुलिसकर्मियों के साथ किया अभद्र व्यवहार

पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया है और नशे की हालत में गाली-गलौज व झगड़ा कर रही है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामला शांत कराया।मसूरी में दिल्ली से घूमने आए चार पर्यटकों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। शराब के अधिक सेवन के कारण एक युवती अपने साथियों से झगड़ने लगी। मामला बढ़ने पर उसके साथियों ने डायल-112 पर पुलिस सहायता मांगी। इस दौरान युवती ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पांच जुलाई को सुबह करीब 3:17 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम पर एक महिला ने सूचना दी कि वह अपने तीन साथियों के साथ दिल्ली से मसूरी घूमने आई है। उनके साथ मौजूद एक युवती ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया है और नशे की हालत में गाली-गलौज व झगड़ा कर रही है। साथियों के नियंत्रण में नहीं आने पर पुलिस सहायता की मांग की गई।सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी ने चौकी लाइब्रेरी क्षेत्र में तैनात चीता पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा। पुलिस ने कॉलर से संपर्क किया तो पता चला कि दो युवक और दो युवतियां लाइब्रेरी चौक के पास मौजूद हैं। इनमें से एक युवती अत्यधिक नशे की हालत में अपने साथियों से अभद्र व्यवहार कर रही थी।




