नहर में समाई कार, वीडियो मिलते ही पुलिस ने सर्च अभियान किया शुरू, डाकपत्थ से भी एक युवक लापता

रात के अंधेरे में शक्ति नहर में कार गिरने की सूचना से पुलिस और एसडीआरएफ में मौके के लिए रवाना हुई। कार के हिस्सों और रगड़ के निशानों के बाद नहर में तलाश तेज कर दी गई है।मंगलवार देर रात कोतवाली क्षेत्र स्थित पुल नंबर दो के पास से शक्ति नहर में एक कार गिर गई। एसडीआरएफ की टीम कार की तलाश के लिए नहर में सर्च अभियान चला रही है। डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक भी लापता है। युवक के परिवार से जानकारी जुटा जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात सूचना मिली कि डाकपत्थर से विकासनगर की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि नहर में कार कहीं उतरती नजर नहीं आई। घटनास्थल पर पत्थर और झाड़ियों पर रगड़ के निशान बने थे। कार के बोनट का एक छोटा टुकड़ा भी घटनास्थल पर पड़ा था।इस बीच एक व्यक्ति ने पुलिस को नहर में डूबती कार का वीडियो दिखाया। हालांकि अंधेरा होने के चलते एसडीआरएफ की टीम को कार का सुराग नहीं मिल पाया। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया।कार का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। कार में सवार लोगों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध नहीं हुई है। सीओ विवेक कुटियाल ने बताया डाकपत्थर क्षेत्र से रात से एक युवक लापता है। नहर में सर्च अभियान चलाने के साथ युवक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।




