पटेलनगर थाने में हंगामा: चेकिंग के दौरान पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने थाना घेरा

पथरीबाग चौक पर पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वाहनों को उठाने पर एक छात्र की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी मिलने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।पथरीबाग चौक पर चेकिंग के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता प्रीतम सेमवाल को हिरासत में लिए जाने के विरोध में शुक्रवार देर शाम एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर थाने में जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाना प्रभारी को हटाने की मांग की। सूत्रों के अनुसार दो पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं। देर रात तक कार्यकर्ता थाने में धरने पर बैठे रहे।बताया जा रहा है कि पथरीबाग चौक पर पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वाहनों को उठाने पर एक छात्र की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी मिलने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पटेलनगर थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने प्रीतम सेमवाल के साथ अभद्रता की और उसे हिरासत में लेने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट भी की।कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्र को बिना उचित कारण हिरासत में लिया गया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर थाने में अधिकारियों के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग उठाई। उनका आरोप था कि पुलिस का रवैया छात्रों और युवाओं के प्रति ठीक नहीं है।हंगामा बढ़ने पर थाने में पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही थाना प्रभारी को हटाए जाने की मांग भी दोहराई। देर रात तक एबीवीपी कार्यकर्ता थाने में धरने पर बैठे रहे। इससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी की स्थिति बनी रही। सूत्रों के अनुसार मामले में दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि मामले की विभागीय जांच की जा रही है। आक्रोशित युवाओं को भी नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।




