Doon Medical College: रैगिंग में दोषी MBBS के नौ छात्रों का निष्कासन, दो पर 50-50 हजार का जुर्माना

एमबीबीएस 2025 बैच के दो छात्रों के साथ 12 जनवरी की रात 2023 और 2024 बैच के सीनियर छात्रों ने मिलकर रैगिंग की थी। मामले की शिकायत वार्डन की ओर से 13 दिसंबर को ही कर दी गई थी। जिसके बाद अब कार्रवाई हुई है।राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में एमबीबीएस के नौ सीनियर छात्रों पर कॉलेज, हॉस्टल से निष्कासन की कार्रवाई की गई है। इनमें से दो छात्रों पर निष्कासन के साथ ही 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। प्राचार्य की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक, एमबीबीएस 2025 बैच के दो छात्रों के साथ 12 जनवरी की रात 2023 और 2024 बैच के सीनियर छात्रों ने मिलकर रैगिंग की थी। मामले की शिकायत वार्डन की ओर से 13 दिसंबर को ही कर दी गई थी। इसकी गंभीरता को समझते हुए 15 जनवरी को यह जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपी गई थी।सोमवार को कमेटी ने जांच पूरी कर कॉलेज प्रबंधन को रिपोर्ट सौंप दी। इसमें नौ सीनियर छात्रों को दोषी पाया गया। एमबीबीएस के 2023 और 2024 बैच के दो छात्रों को दो महीने के लिए कॉलेज से निकाला गया है, जबकि ये छात्र हॉस्टल और इंटर्नशिप से हमेशा के लिए बाहर किए गए हैं। इन्हीं दोनों छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
इसके अलावा 2023 बैच के चार और 2024 बैच के तीन और छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। इन छात्रों को एक महीने के लिए कॉलेज से निकाला गया है, जबकि तीन महीने के लिए हॉस्टल से बाहर किया गया है। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।




