धर्मनगरी में इंसानियत शर्मसार: मानसिक रूप से कमजोर महिला को खंभे से बांधकर पीटा, छह के खिलाफ एफआईआर दर्ज

महिला मानसिक रूप से कमजोर है और इसी वजह से किसी के घर में घुस गई थी, जिसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में एक महिला को खंभे से बांधकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने महिला के बेटे की तहरीर पर छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महिला मानसिक रूप से कमजोर है, वह किसी के घर में घुस गई थी, जिस पर लोगों ने पिटाई कर दी।पुलिस के अनुसार, शुभम पुत्र लखमीचंद निवासी लेबर कॉलोनी रानीपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:40 बजे उनकी माता सुनीता घर से बाहर टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान लेबर कॉलोनी निवासी राहुल, इंदर, आशु, नागेश, राकेश और एक अज्ञात महिला ने उनकी माता को खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। पिटाई करने के बाद आरोपी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।इसका पता चलते ही वह मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में सुनीता को महिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। बताया कि सुनीता की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं है। वहीं रविवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि महिला को खंभे से बांध रखा है और गाली-गलौज कर मारपीट की जा रही है।




