Home Tuition in Dehradun
उत्तराखंड

 देहरादून में 10 जगह बनेंगे पिंक शौचालय, मेयर ने दिए जगह चिह्नित करने के निर्देश

शहर में 41 सार्वजनिक शौचालय हैं। हैरत यह भी है कि इनमें आधी आबादी के लिए एक भी पिंक शौचालय नहीं है।

पिंक शौचालय को लेकर अमर उजाला की मुहिम रंग लाई है। नगर निगम ने इसका संज्ञान लेते हुए शहर के 10 स्थानों पर पिंक शौचालय बनाने का निर्णय लिया है। मेयर सुनील उनियाल गामा ने इसके लिए अधिकारियों को जहह चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शहर में बदहाल सार्वजनिक शौचालयों की भी हालत सुधारी जाएगी। उनकी मरम्मत के साथ ही साफ-सफाई की जाएगी।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार राजधानी देहरादून की जनसंख्या 1696694 है। इसमें महिलाओं की आबादी 804494 है। यानी महिला और पुरुषों की आबादी लगभग बराबर है। शहर में 41 सार्वजनिक शौचालय हैं। हैरत यह भी है कि इनमें आधी आबादी के लिए एक भी पिंक शौचालय नहीं है। वहीं, जो सार्वजनिक शौचालय हैं, उनमें भी महिलाओं के लिए सुविधाएं नहीं हैं। इनमें से कई बदहाल पड़े हैं तो कई पर ताले लटके हैं। इससे महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

इसको लेकर अमर उजाला ने विगत 29 सितंबर से मुहिम शुरू की। इसे आम जनता के साथ ही महिलाओं का जमकर साथ मिला। आखिरकार नगर निगम ने भी मुहिम का संज्ञान लिया और शहर में 10 स्थानों पर पिंक शौचालय बनाने का निर्णय लिया है। यह शौचालय ऐसे स्थानों पर बनाए जाएंगे, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक हो।

घंटाघर, गांधी पार्क के शौचालय में महिलाओं के लिए होगी अलग व्यवस्था

वर्तमान में गांधी पार्क और घंटाघर स्थित सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत की जा रही है। इन दोनों शौचालयों में महिलाओं के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। मेयर ने इसके लिए संबंधित संस्था को निर्देश दिए हैं।

वाकई में बाजारों में महिलाओं के लिए शौचालय न होने से उन्हें काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। नगर निगम अब शहर के 10 स्थानों पर पिंक शौचालय बनाएगा। साथ ही शहर के शौचालयों की हालत भी सुधारी जाएगी। सुलभ इंटरनेशनल संस्था को भी अपने शौचालयों में महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button