लंबित मांगों के लिए दून पहुंची बेरोजगार संगठन की पद यात्रा

प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति सहित चार सूत्री मांगों के लिए शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन की ऊखीमठ से शुरू हुई पद यात्रा देहरादून पहुंची।
यात्रा में शामिल बेरोजगारों ने कहा, नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए नियमावली में संशोधन की पिछले काफी समय से मांग की जा रही है, लेकिन आश्वासन के बाद भी इस पर अमल नहीं किया गया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे ने कहा, इंटर कालेजों में शारीरिक शिक्षकों के लिए प्रवक्ता का पद सृजित करने, नियुक्ति के लिए आयु सीमा में छूट व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्ति का मामला लटका हुआ है। उन्होंने कहा, मांग को लेकर संगठन ने 29 मार्च को ऊखीमठ से देहरादून के लिए पदयात्रा शुरू की। पदयात्रा के दौरान बेरोजगार मांगों के लिए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, श्रीनगर में मेयर आरती भंडारी, विधायक विनोद कंडारी से मिलते हुए रविवार को देहरादून पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला पुलिस चौकी से आगे नहीं जाने दिया। बाद में संगठन के एक प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए सीएम आवास ले जाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री के आवास पर न होने से बेरोजगार उनसे नहीं मिल सके।




