त्रिपुरा के छात्र की हत्या: सीएम धामी ने एंजेल के पिता से फोन पर की बात, दोषियों को कड़ी सजा का दिया आश्वासन

बीते नौ दिसंबर को त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के नंदानगर निवासी छात्र एंजेल चकमा की हाल ही में कुछ युवकों ने पिटाई की थी। जिसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती था, लेकिन बीते दिन उसकी मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात की। उन्होंने एंजेल की हत्या पर दुख जताया। कहा कि इस मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है, ईनाम घोषित करते हुए उसे भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना पर वो व्यक्तिगत तौर पर दु:खी हैं। इस स्थिति में परिवार के दुख को समझ सकते हैं। उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी सजा दिलाएगी। कहा कि उत्तराखंड में कभी भी इस तरह का माहौल नहीं रहा है, यहां देश- विदेश के बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। इसलिए यह घटना हम सबके लिए भी कष्टपूर्ण है।सरकार ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होने कहा कि घटना के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी उनकी बात हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता के लिए वो त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे, साथ ही उत्तराखंड सरकार भी परिवार की हर संभव सहायता करेगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा को तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत करते हुए पहली किश्त के रूप में 4.12 लाख की आर्थिक सहायता जारी कर दी गई है। यह धनराशि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 एवं नागरिक अधिकार सरंक्षण अधिनियम-1955 के अन्तर्गत स्वीकृत की गई है। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने के लिए यह प्रकरण एसएसपी देहरादून के माध्यम से जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून को भेजा गया था। प्रकरण पर एसडीएम विकासनगर एवं एसपी विकासनगर की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यह चेक जारी किया गया है। वहीं, एंजेल चकमा के इलाज पर हुए खर्च को सरकार और ग्राफिक एरा ग्रुप मिलकर वहन करेंगे।




