ऋषिकेश बाईपास में भी बनेंगे वन्यजीवों के लिए अंडरपास

ऋषिकेश में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित बाईपास परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। खास बात यह है कि इस परियोजना में भी देहरादून-दिल्ली मार्ग की तरह वन्यजीवों का ख्याल रखा जाएगा। इसमें हाथी समेत अन्य वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए दो अंडरपास बनाए जाएंगे।
ऋषिकेश बाईपास के लिए नया एलाइनमेंट तय किया गया है। इसके तहत मार्ग तीनपानी-भट्टोवाला-योगनगरी रेलवे स्टेशन होते हुए खारा स्र्रोत (12.67 किमी) के पास पहुंचेगा। खारा स्रोत के आगे ब्रह्मपुरी तक टनल का निर्माण किया जाएगा। पहले चरण में तीनपानी-खारा स्र्रोत तक सड़क का निर्माण कार्य होगा। इस मार्ग का अधिकांश हिस्सा देहरादून वन प्रभाग के ऋषिकेश रेंज के जंगल के किनारे से होकर गुजरेगा। जिन क्षेत्रों में वन्यजीवों का आवागमन अधिक है, वहां दो अंडरपास बनाए जाएंगे। इसमें ऊपर सड़क होगी और नीचे वन्यजीवों का मूवमेंट आसानी से हो सकेगा। पहला अंडरपास तीनपानी से कुछ दूरी पर और दूसरा आरवीएनएल पोर्टल के पास बनेगा। दोनों अंडरपास की कुल लंबाई करीब पांच किमी होगी।




