विकास योजनाओं के लिए 59.72 करोड़ की वित्तीय मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 59.72 करोड़ की वित्तीय मंजूरी दी है। चंपावत जिले के तामली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 14.57 करोड़, देहरादून के चंद्रबनी से हरभजवाला तक आसन नदी के दोनों तरफ पुश्ता निर्माण के लिए 2.43 करोड़ की स्वीकृति दी।
मुख्यमंत्री ने ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 25.78 करोड़ की मंजूरी दी। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सुसवा नदी के दोनों तटों पर दूधादेवी पुल के ऊपरी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 1.29 करोड़, उत्तरकाशी जिले के झाला गांव में भागीरथी नदी के दाहिने तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 3.03 करोड़, चमोली जिले के ज्योतिर्मठ में जोशीमठ-नीति मार्ग पर आपदा से क्षतिग्रस्त 80 मीटर स्पान पैदल स्टील के पुनर्निर्माण के लिए 1.74, धारचूला क्षेत्र में खोटिला व घाटधार में ढलान सुरक्षा कार्यों के लिए एक करोड़, हरिद्वार में मनसा देवी हिल बाईपास रोड पर ढलान सुरक्षा के लिए 1.74 करोड़, नैनीताल स्थित चार्टन लॉज क्षेत्र में ढलान सुरक्षा के लिए 77 लाख रुपये स्वीकृत किए।




