इस महीने से तेज होगी चुनाव की कसरत, जनगणना भी होगी शुरू, 12 नवंबर को जारी होगा मतदाता सूची ड्राफ्ट

प्रदेश में नवंबर के महीने एक ओर मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर जनगणना के लिए लोग घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।प्रदेश में इस महीने दो बड़े काम होने जा रहे हैं। पहला तो चुनाव आयोग अपनी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू करेगा तो दूसरी ओर जनगणना के तहत 16 नवंबर से डिजिटल स्व-गणना शुरू होगी।
12 नवंबर से छूटे हुए मतदाता बनवाएं अपना वोट
अगर चुनाव आयोग को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान किसी का वोट कट गया है या 18 की आयु पूरी न होने की वजह से अभी तक वोट नहीं बना है तो 12 नवंबर से प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) शुरू होने जा रहा है। इसके तहत आप अपना नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। अपने वोट में कोई भी त्रुटि सुधार करा सकते हैं।अपनी विधानसभा क्षेत्र या शहर में कोई बदलाव हुआ है तो वह भी सुधार करा सकते हैं। इसके लिए 12 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही यह अभियान शुरू हो जाएगा। पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि कि पहली अप्रैल, पहली जुलाई या पहली अक्तूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाताओं के पंजीकरण में सहायता के लिए जिला स्तर पर सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से विशेष रूप से प्रवासी, कमजोर और वंचित वर्गों के लोगों को मदद दी जाएगी। अगले साल चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।




