Home Tuition in Dehradun
उत्तराखंड

दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में छापा, मिली सड़ी गली सब्जियां, कूदते दिखे कॉकरोच और चूहे

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। वहां किचन का हाल देख टीम हैरान रह गई।दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। रेस्टोरेंट की रसोई में सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुराना खाना, कॉकरोच और चूहे मिले। बर्तन धुलाई क्षेत्र में गंदगी के साथ तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा भी मिला। अनियमितताओं को देखते हुए संयुक्त निरीक्षण टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही संचालक अभय सिंह नेगी को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। टीम ने रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री रखने के स्थान, बर्तन धुलाई क्षेत्र और स्टोर रूम की जांच की। इस दौरान कई जगह स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं होता मिला।निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। लगभग दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे गए थे। रसोई और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहे पाए गए। मसालों की कई थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी मिली।बर्तन धोने वाले स्थान पर अत्यधिक गंदगी और कई दिन के जूठे बर्तन मिले। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब पाया गया। रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल कराने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं कर सका।टीम ने मौके पर पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। रेस्टोरेंट के पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों समेत कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button