लखवाड़ बांध परियोजना स्थल पर पहाड़ से आया मलबा, चालक ने जेसीबी से कूद कर बचाई अपनी जान

लखवाड़ बांध परियोजना स्थल पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक जेसीबी परियोजना स्थल पर कार्य कर रही है। तेज बारिश हो रही है। जेसीबी बिल्कुल पहाड़ के नजदीक है। इसी दौरान अचानक पहाड़ दरकने लगता है।यमुना घाटी में निर्माणाधीन लखवाड़ बांध परियोजना स्थल का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पहाड़ से अचानक से भारी मात्रा में मलबा गिरता हुआ नजर आ रहा है। परियोजना स्थल पर कार्य कर रहे जेसीबी चालक ने किसी तरह वाहन से बाहर कूद कर अपनी जान बचाई। वीडियो में लगातार बारिश के बीच परियोजना स्थल पर कार्य जारी रखने पर कार्यदायी एजेंसी पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।जेसीबी चालक तेजी से जेसीबी से नीचे कूद कर बचने के लिए दौड़ लगा देता है। गनीमत यह रही कि चालक मलबे की चपेट में नहीं आता है पूरी घटना का वीडियो बना रहा व्यक्ति कार्यदायी एजेंसी के प्रबंधन पर आरोप लगता है। वह कहता है रुके रहो जीएम साहब ने बोला है काम चला कर रखो। व्यक्ति आगे बोलता है अभी जेसीबी हटाई है वो भाग रहा है जेसीबी वाला।मौसम विभाग की ओर से हाई अलर्ट जारी किया गया था। जिला प्रशासन में भी चेतावनी जारी की थी। उसके बाद भी परियोजना स्थल पर कार्य चल रहा था। ऐसे में कार्यदायी एजेंसी पर लापरवाही के आरोप भी लग रहे हैं। अगर चालक मलबे के नीचे आ जाता तो उसकी जान पर भी बन सकती थी।वहीं कार्यदायी एजेंसी एलएनटी के महाप्रबंधक ए.पी सिंह ने बताया कि बांध स्थल पर जेसीबी के जरिए मलबा हटाने का कार्य नियमित रूप से किया जाता है। कंपनी की ओर से जेसीबी चालक सहित सभी कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। कार्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कराए जा रहे हैं।




