Home Tuition in Dehradun
उत्तराखंड

हाईटेक सिम बॉक्स से चल रहा संदिग्ध कॉल सेंटर पकड़ा, ग्राहकों को धमकाकर ठगी का आरोप, दो गिरफ्तार

कॉल सेंटर से ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड और उससे जुड़े लाभ बताने के नाम पर कॉल की जाती थी। कुछ मामलों में जल्द रकम जमा कराने के लिए धमकी और दबाव बनाने का भी आरोप है।एसटीएफ और दून पुलिस ने जीएमएस रोड पर कमला पैलेस के पास एक कंपनी के कार्यालय में चल रहे संदिग्ध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। जांच में कॉल सेंटर में अवैध सिम बॉक्स के जरिये कॉल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने कंपनी मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत को गिरफ्तार किया है। मौके से 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स, 45 सिम कार्ड, लैपटॉप, दो राउटर, दो एटीएम कार्ड समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट के आधार पर देहरादून में संदिग्ध सिम बॉक्स के संचालन की जांच शुरू की गई थी। संबंधित मोबाइल नंबरों के खिलाफ चक्षु पोर्टल और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शिकायतें भी मिली थीं। तकनीकी जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद एसटीएफ की टीम ने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर कैरियर हाउस बिल्डिंग स्थित सिंह एसेट रिकॉन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (सार्स) के कार्यालय में छापा मारा।जांच में कार्यालय में कॉल सेंटर संचालित मिला। कॉलिंग के लिए 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स इस्तेमाल किया जा रहा था। दूरसंचार विभाग के अधिकारी ने उपकरण की जांच कर इसके इस्तेमाल को निर्धारित दूरसंचार मानकों के विपरीत बताया। पुलिस के अनुसार ऐसे उपकरण से कॉल की वास्तविक पहचान छिपाई जा सकती है। जांच में यह भी सामने आया कि कॉल सेंटर से ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने और उससे जुड़े लाभ बताने के नाम पर कॉल की जाती थी।

पुलिस के अनुसार कॉल सेंटर में दूरसंचार संबंधी निर्धारित 1600 नंबर सीरीज के बजाय व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से कॉल की जा रही थी। मामले में कंपनी मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत को गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में बीएनएस, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button