राज्यपाल ने की बैठक, कहा-साइबर अपराध, फर्जी हेली टिकट-होटल बुकिंग धोखाधड़ी से सख्ती से निपटें

लोक भवन में चारधाम यात्रा की तैयारियों की बैठक ली, जिसमें डीएम, एसएसपी व अन्य विभागीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने चारधाम यात्रा तैयारियों की समीक्षा बैठक में साइबर अपराध, फर्जी हेली टिकट बुकिंग, ओवर रेटिंग, होटल बुकिंग की धोखाधड़ी रोकने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नसीहत दी कि यात्रा में वे केवल नौ से पांच की ड्यूटी न मानें, जिम्मेदारी निभाएं।राज्यपाल ने बृहस्पतिवार को लोक भवन में चारधाम यात्रा की तैयारियों की बैठक ली, जिसमें डीएम, एसएसपी व अन्य विभागीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि एक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उत्तरदायित्व है। इसे पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता के साथ संपादित किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि इस दौरान दी गई जिम्मेदारी को केवल सुबह नौ से शाम पांच बजे तक की ड्यूटी के रूप में नहीं देखना चाहिए। पूर्ण निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाएं।




