केसी वेणुगोपाल ने ली जिला-महानगर अध्यक्षों की बैठक, कहा-चुनाव जीतने के लिए एकजुटता व अनुशासन जरूरी

उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने पहले दिन राजपुर रोड स्थित एक होटल में जिला व महानगर अध्यक्षों की बैठक ली।अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने कहा, चुनाव जीतने के लिए एकजुटता व अनुशासन बहुत जरूरी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुटता से काम कर जन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है।उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने पहले दिन राजपुर रोड स्थित एक होटल में जिला व महानगर अध्यक्षों की बैठक ली। साढ़े तीन घंटे चली बैठक में उन्होंने एक-एक जिला व महानगर अध्यक्ष से आगामी चुनाव तैयारियों का फीडबैक लेने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली।उन्होंने कहा, पार्टी पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर 2027 की चुनावी जंग लड़नी होगी। संगठन स्तर पर आपस में कोई मतभेद है तो उसे लेकर सार्वजनिक रूप से बयानबाजी करने के बजाए पार्टी फोरम में रख कर समाधान करें। चुनाव के समय बयानबाजी से दूर रह कर एक मंच पर आना होगा।राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आगामी चुनाव के लिए मुद्दों की कमी नहीं है। बेरोजगारी, महंगाई, मंदिरों में चढ़ावा चोरी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, महिला अपराध समेत स्थानीय स्तर के मुद्दों को उठाकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बूथ, ब्लॉक व जिला कमेटियों का गठन नहीं हुआ है वे 10 अगस्त तक कमेटी का गठन करें, वरना पद छोड़ दें।बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत मौजूद रहे।
.




