भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज दून में, पहले दिन कोर कमेटी, मंत्रियों के साथ करेंगे बैठक

]भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। वह सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश कार्यालय में शाम 6:15 से कोर कमेटी और इसके बाद मंत्रियों की बैठक लेंगे।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद उनके पहले दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले ही दिन नितिन दो अहम बैठक करेंगे।नितिन नवीन बृहस्पतिवार को शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश कार्यालय में शाम 6:15 से कोर कमेटी और इसके बाद मंत्रियों की बैठक लेंगे। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक 25 जगह पर भाजपा अध्यक्ष का स्वागत होगा। इस दौरान युवा और महिला कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में नजर आएंगे।शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद पूर्व सीएम स्व. बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि देंगे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल पहुंचेंगे। यहां 11 बजे से विभिन्न बैठकों का दौर शुरू होगा।सबसे पहले सांसद, विधायकों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। शाम चार बजे से वह महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। शाम को वे मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रदेश प्रवक्ता की बैठक लेंगे। शाम को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती करेंगे और संतों के साथ संवाद करेंगे।




