बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी पहुंचीं मसूरी, कहा-बादलों के ऊपर तैरकर पहुंचने जैसा अहसास हुआ

संगीता बिजलानी ने बताया कि वह पहली बार मसूरी आई हैं और यहां की वादियां, हरियाली और शांत वातावरण ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है।बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने पहाड़ों की रानी मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता की जमकर सराहना की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि देहरादून से मसूरी की यात्रा उनके लिए बेहद यादगार रही। ऐसा महसूस हो रहा था जैसे वह बादलों के ऊपर तैरते हुए मसूरी पहुंच रही हों।उन्होंने कहा कि अपने जीवन में इससे पहले इतनी खूबसूरत यात्रा कभी नहीं की। संगीता बिजलानी ने बताया कि वह पहली बार मसूरी आई हैं और यहां की वादियां, हरियाली और शांत वातावरण ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि मसूरी वास्तव में बहुत सुंदर जगह है और यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हुई।फिल्मों में वापसी के सवाल पर संगीता ने मुस्कुराते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ सरप्राइज और कुछ रहस्य बने रहने चाहिए। अगर सब कुछ पहले से ही पता चल जाए तो जिंदगी बोरिंग हो जाती है।उन्होंने मसूरी के माल रोड की भी तारीफ करते हुए कहा कि यह बेहद खूबसूरत स्थान है। स्थानीय बेकरी के उत्पादों का स्वाद लेने के बाद उन्होंने कहा कि यहां के उत्पादों का स्वाद बहुत शानदार है। अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए संगीता बिजलानी ने कहा कि उन्हें हमेशा इसी तरह प्यार और स्नेह मिलता रहे। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की कि मसूरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखें व इसकी प्राकृतिक खूबसूरती को संरक्षित करने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।



