मालरोड पर नियम तोड़ने वाले वाहनों पर अब रहेगी हाईटेक कैमरों की नजर, तीन जगह लगेंगे बोलार्ड

मालरोड पर गढ़वाल टैरेस और पद्मिनी निवास के नजदीक एएनपीआर कैमरे लगाने पर विचार किया जा रहा है। इन कैमरों के माध्यम से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट की स्पष्ट तस्वीर प्राप्त की जा सकेगी।मालरोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और प्रतिबंधित समय में वाहनों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए प्रशासन अब तकनीक का सहारा लेगा। मालरोड पर दो स्थानों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए तीन स्थानों पर बोलार्ड लगाने की तैयारी है। एसडीएम राहुल आनंद ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मालरोड का निरीक्षण कर कैमरे लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए।
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि उच्च न्यायालय में प्रवेश पंत बनाम उत्तराखंड सरकार से संबंधित याचिका के क्रम में गृह सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। मालरोड पर गढ़वाल टैरेस और पद्मिनी निवास के नजदीक एएनपीआर कैमरे लगाने पर विचार किया जा रहा है। इन कैमरों के माध्यम से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट की स्पष्ट तस्वीर प्राप्त की जा सकेगी। इससे वाहनों की पहचान करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।मालरोड पर शाम साढ़े चार बजे से रात दस बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। इसके बावजूद प्रतिबंधित समय में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन तीन स्थानों पर बोलार्ड लगाने की तैयारी कर रहा है। कैमरों और बोलार्ड की मदद से प्रतिबंधित समय में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट का उल्लंघन और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर भी निगरानी रखने में मदद मिलेगी। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को पूर्व की भांति छूट मिलती रहेगी।




