राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर नेता से ठगे 25 लाख रुपये

उत्तराखंड के कई नेताओं को ऊंचे पद और टिकट का लालच देकर मोटी रकम ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के अमृतसर निवासी आरोपी गौरव कुमार को सोमवार को गिरफ्तार किया है।गौरव ने कांग्रेस के कुछ विधायकों को होटल में रुकवाने की व्यवस्था करवाने के नाम पर भावना पांडे से 25 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी ने भावना पांडे को भरोसा दिलाने के लिए प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं से फोन पर बात करते हुए उनकी आवाज सुनाई। भावना पांडे की तहरीर पर राजपुर थाने में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार तीन मई को जाखन स्थित पिनाकल रेजिडेंसी निवासी भावना पांडे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कनिष्क सिंह नाम का व्यक्ति खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर उन्हें पार्टी में अहम पद दिलाने और सर्वे कराने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।गत 13 अप्रैल को आरोपी के साथी ने उनके घर पहुंचकर नकद रकम ले ली जिसके बाद आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर एसआईटी व राजपुर पुलिस की टीम गठित की गई। जांच के दौरान मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह का सदस्य जाखन स्थित पैसिफिक मॉल के पास एक अन्य व्यक्ति से 12 लाख रुपये लेने पहुंचा है।




