परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ी, हजार रुपये चुकाना होगा शुल्क

वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) ने सम सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को बढ़ाया गया है। हालांकि, फीस के साथ छात्रों को एक हजार रुपये विलंब शुल्क के रूप में चुकाना होगा। इस संबंध में विवि की परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सिंह राजपूत की ओर से विवि से संबद्ध संस्थानों के निदेशक व प्राचार्य को पत्र लिखा गया है।उन्होंने पत्र में लिखा कि विवि की ओर से पहले नियमित व बैक पेपर परीक्षाओं के फॉर्म भरने की तिथि 16 से 20 मई तक निर्धारित की गई थी लेकिन इस बीच अधिकतर छात्र फॉर्म भरने से हर गए थे। इसके बाद संस्थानों व छात्रों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए विवि ने फॉर्म भरने की तिथि को बढ़ाया है। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जो संस्थान निर्धारित अवधि के भीतर परीक्षा फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उन्हें किसी भी परिस्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्थान की होगी।साथ ही सभी संबद्ध संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्तर पर नियमित व बैक पेपर के छात्रों को समय पर सूचना देना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित न रह जाए।




