हनुमान अंश फिल्म को एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति करेगी सरकार, सूचना महानिदेशक ने जारी किए आदेश

प्रदेश में फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने और सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने आर्थिक राहत का फैसला लिया है। इसके तहत टिकट बिक्री पर वसूले गए राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की प्रतिपूर्ति की जाएगी।उत्तराखंड में हनुमान अंश फिल्म को प्रोत्साहित करने के लिए एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार प्रदेश में सिनेमाघरों व मल्टीप्लेक्स में हनुमान अंश फिल्म दिखाने पर टिकट बिक्री पर सीजीएसटी व एसजीएसटी लिया जाता है।प्रदेश सरकार ने हनुमान अंश फिल्म को प्रोत्साहित करने के लिए एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सूचना महानिदेशक ने राज्य कर विभाग को एसजीएसटी प्रतिपूर्ति करने के संबंध में आदेश जारी किए।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में प्रसिद्ध संत नीब करौरी बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश देखी थी। उनके साथ धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदीप बत्रा मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म हनुमान अंश को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीब करौरी बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।देवभूमि उत्तराखंड महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीब करौली बाबा का कैंची धाम विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। फिल्म हनुमान अंश भारत की समृद्ध संत परंपरा, भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखती है। फिल्म के माध्यम से नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े उन मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिनमें ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोक कल्याण प्रमुख हैं।




