नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक; जेवर-नकदी लूटकर फरार

महिला घर में अकेली रहती हैं। रविवार को दो युवक उनके घर पहुंचे। दोनों ने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताया। इस दौरान उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया।रायपुर थाना क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी में नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला के हाथ-मुंह बांध दिए, मारपीट की और सोने के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। मामले में रायपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली रहती हैं। रविवार 19 जुलाई को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो युवक उनके घर पहुंचे। दोनों ने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए दरवाजा खुलवाया और आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा।तहरीर के मुताबिक, घर में प्रवेश करते ही दोनों आरोपियों ने सबसे पहले घर में लगे कैमरे बंद कर दिए और महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने नकदी की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने बुजुर्ग महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके हाथ और पैरों में चोटें आईं।




