
समाज कल्याण विभाग ने दोहरी पेंशन मामले में 970 पूर्व कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने के लिए आठ अप्रैल को दूसरा और अंतिम अवसर दिया है। इसके बाद इस तरह के पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश के विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ओर से दोहरी पेंशन लेने का मामला सामने आया है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने सरकारी व सामाजिक सुरक्षा पेंशन का परीक्षण कर खुलासा किया था कि 1377 पूर्व कर्मचारी दोहरी पेंशन का लाभ ले रहे हैं। जो पिछले 12 साल से विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त होने के बाद विभागीय पेंशन के साथ ही वृद्धा, विधवा व राज्य आंदोलनकारी की पेंशन का लाभ ले रहे हैं। समाज कल्याण विभाग के निदेशक संदीप तिवारी के मुताबिक दोहरी पेंशन लेने वालों की संख्या 970 है। इन लोगों को चार अप्रैल तक अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब इसके लिए इन्हें आठ अप्रैल तक का दूसरा और अंतिम अवसर दिया जा रहा है। इसके बाद इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा।




