शादी के चार माह बाद ही दे दिया तीन तलाक

तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पटेलनगर क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने, मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने और अंततः तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पटेलनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पंजाबी कॉलोनी निवासी कौसर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका निकाह गत 26 जनवरी को मुस्लिम रीति-रिवाज से आसिफ के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद ही पति का व्यवहार बदल गया और वह शराब पीकर उनके साथ मारपीट करने लगा। पीड़िता का कहना है कि पति लगातार मायके से दहेज में पैसे लाने का दबाव बना रहा था। जब वह पैसे लाने में असमर्थ रही तो पति उन्हें बार-बार तीन तलाक देने की धमकी देने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के चार महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि 18 मई को उनके पति ने उन्हें तीन तलाक दे दिया और वैवाहिक संबंध खत्म करने की बात कही।तहरीर में महिला ने यह भी बताया कि वर्तमान में वह असहाय स्थिति में घर से बाहर रहने को मजबूर है और उन्हें पति व उसके साथियों से मानसिक एवं शारीरिक खतरा बना हुआ है। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।




