अमर उजाला संवाद 2026: विचारों के महाकुंभ में जुटेंगी नीति, खेल, सिनेमा की हस्तियां, दूनवासियों के लिए खास मौका

देहरादून में 24 जून को अमर उजाला संवाद का आयोजन होने जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां पहुंचेंगी। देश की नामचीन हस्तियों को सुनने का मौका मिलेगा।उत्तराखंड आज विकास, निवेश, पर्यटन, खेल और ऊर्जा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में जब राज्य अपने भविष्य की दिशा तय कर रहा है, तब जरूरी है कि नीतियों, अनुभवों और विचारों पर खुलकर चर्चा हो।इसी उद्देश्य के साथ अमर उजाला 24 जून को देहरादून में ‘अमर उजाला संवाद उत्तराखंड 2026’ का आयोजन कर रहा है। सतत् विकास की थीम पर आयोजित हो रहे इस संवाद में विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी हस्तियां शामिल होंगी, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में न सिर्फ पहचान बनाई है, बल्कि लाखों लोगों को प्रभावित भी किया है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की यात्रा तय करने वाले धामी आज राज्य के युवा नेतृत्व का प्रमुख चेहरा बन चुके हैं। रोजगार, निवेश, आधारभूत संरचना और सुशासन से जुड़े उनके कई निर्णय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय रहे हैं। संवाद के मंच से वह उत्तराखंड के विकास रोडमैप, सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।भारत के लिए टेस्ट और एकदिवसीय मैचों में सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा चुके आकाश चोपड़ा देवभूमि में 24 जून को आप सबके बीच होंगे। क्रिकेट विश्लेषक और कमेंटेटर आकाश ने क्रिकेट को इस तरह आत्मसात किया है कि संन्यास के बाद भी वह खेल से उतनी ही गहराई से जुड़े हुए हैं। अपने बेबाक विश्लेषण के दम पर चोपड़ा ने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के बीच एक अलग पहचान बनाई है। संवाद में वो ड्रेसिंग रूम से जुड़े रोचक अनुभव साझा करेंगे।




