ITI करने वालों को अग्निवीर बनने में मिलेगी छूट: 153 सरकारी, 82 निजी आईटीआई में दाखिले की प्रक्रिया हुई शुरू

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई हैउत्तराखंड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से कोर्स करने वाले छात्रों को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में छूट मिलेगी। प्रदेश के 153 सरकारी और 82 निजी आईटीआई में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार छात्र 10 पसंदीदा ट्रेड के लिए विकल्प भर सकते हैं।कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आठ जून से शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दो चरणों में अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं। प्रथम चरण में छात्रों को अपना व्यक्तिगत विवरण, शैक्षिक योग्यता की जानकारी भरनी होगी और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी की जाएगी। द्वितीय चरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से सीट मैट्रिक्स जारी होने के बाद छात्रों के लिए पोर्टल दोबारा खुलेगा। छात्र अपनी मेरिट और रैंक के अनुसार न्यूनतम एक और अधिकतम 10 संस्थान व ट्रेड के विकल्पों को वरीयता क्रम में लॉक कर सकेंगे। आवेदन से जुड़ी किसी भी समस्या या सहायता के लिए विभाग के हेल्पलाइन नंबर 7302663922 पर संपर्क कर सकते हैं।




