उत्तराखंड के थानों को बम से उड़ाने की धमकी

उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी बुधवार को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से वीडियो प्रसारित कर दी गई जिसमें 25 जून को धमाके करने की बात कही गई है। इन आईडी को अंबाला का जसप्रीत सिंह नाम का युवक चला रहा है। पुलिस ने शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मसूरी नगर पालिका को भी ई-मेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
मामले में एसआई रवि प्रसाद कवि की ओर से कोतवाली को शिकायत की गई है। उन्होंने पुलिस को बताया है कि इंस्टाग्राम पर सोमवार को एक धमकी भरी वीडियो प्रसारित की गई थी। इसमें बोला गया है कि मैं उत्तराखंड पुलिस को चैलेंज करता हूं जितने उत्तराखंड में थाने हैं उनमें धमाके होंगे 25 जून 2026 को। इस वीडियो को फेसबुक और एक्स पर भी प्रसारित किया गया है। प्राथमिक जांच में इन आईडी को संचालन करने वाले का भी पता लगाया गया है।ये आईडी अंबाला सिटी हरियाणा के रहने वाले जसप्रीत सिंह संचालित कर रहा है। पुलिस को उसका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। यह धमकी ऐसे समय में आई है जब प्रदेश में निहंग सिखों से संबंधित विवाद चल रहे हैं। पंजाब में कई बार थानों में चरमपंथियों ने धमाके भी किए हैं। ऐसे में इस बात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा चाक चौबंद रखने के निर्देश भी दिए हैं।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। इस नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। जिले के बॉर्डर क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।




