आज भी पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; 111 मार्ग बंद, खतरे के स्तर पर नदियों का जलस्तर

देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।उत्तराखंड में दूसरे दिन भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज दौर की बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है।मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं।मौसम वैज्ञानिकों ने हिदायत देते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों की बात करें तीन अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।सबसे अधिक वर्षा देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में 233.0 एमएम दर्ज की गई, जो इस अवधि की सर्वाधिक वर्षा रही। इसके अलावा हाथीबड़कला में 194.5, जौलीग्रांट में 172.2 और मसूरी में 163.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश का जोर देखने को मिला। ऊखीमठ में 120.0, डीडीहाट में 102.0 और धनोल्टी में 88.0 एमएम वर्षा दर्ज की गई। वहीं हल्द्वानी और थल में 83.0, चमोली में 80.60 और तेजम में 73.0 एमएम बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों की बात करें तो बेरिनाग में 72.0, कीर्तिनगर में 70.0, नरेंद्रनगर में 63.0 और उत्तरकाशी मुख्यालय में 61.0 एमएम वर्षा दर्ज की गई। ऋषिकेश में 61.4, जखोली में 58.0 और सितारगंज में 57.0 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा भटवाड़ी में 55.0, कनालीछीना में 53.3, कपकोट में 53.0, जोशीमठ में 51.0, देवलथल और बागेश्वर में 50.0 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।




