छात्रा ने उठाई ऑनलाइन शिक्षा की परेशानी, सीएम धामी ने मौके पर ही कर दी बड़ी घोषणा

संवाद के दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने मुख्यमंत्री से कहा कि आजकल ऑनलाइन पढ़ाई का चलन बढ़ रहा है, लेकिन कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं होती कि वे बच्चों के लिए फोन या लैपटॉप खरीद सकें। सीएम ने छात्रा की बात सुनकर बड़ी घोषणा कर दी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में मिले सुझाव पर सरकारी स्कूलाें में पढ़ने वाले 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को टैब देने और प्रदेश में नॉलेज बैंक बनाने की घोषणा की है। विद्यार्थियों को टैब खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी।शुक्रवार को सीएम कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखंड के विजन को लेकर विद्यार्थियों के विचारों व सुझावों को जाना। उन्होंने कहा कि युवाओं के उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को राज्य सरकार की योजनाओं व नीति निर्धारण से जोड़ने का प्रयास करेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक, नवाचार और नई सोच के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बदलते समय में युवाओं को एआई, रोबोटिक्स, डिजिटल व आधुनिक मांग आधारित कौशल से जोड़ना आवश्यक है।पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अधिक अवसर सृजित करने के लिए औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को विस्तार दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम आवश्यक है। इस मौके पर सचिव डॉ.पंकज कुमार पांडेय, चंद्रेश कुमार, ज्योति यादव, धीराज गर्ब्याल, सी.सविशंकर, अपर सचिव आलोक कुमार पांडेय, बंशीधर तिवारी, संदीप तिवारी, नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे मौजूद रहे।



