पुलिस हिरासत से रिहा हुए राहुल-प्रियंका समेत सभी नेता; भाजपा ने किया पलटवार

विपक्षी नेता और सांसद मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च किया। हालांकि, देर शाम दिल्ली पुलिस ने राहुल-प्रियंका समेत 50 सांसदों को हिरासत में लेकर आकाशवाणी भवन में चल रहे धरने को खत्म करवा दिया। दिल्ली पुलिस सभी नेताओं को किंग्सवे कैंप ले गई। इस घटना से जुड़ी जानकारी के लिए पढ़ें अमर उजाला की यह लाइव अपडेट्स पवन खेड़ा बोले- आज रात पीएम मोदी और अमित शाह को नहीं आएगी नींद
इंडिया गुट के सांसदों को दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, “आज जो शब्द बोले जा रहे हैं, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इस देश की जनता अच्छी तरह जानती है कि ऐसे शब्द बोलने वालों से कैसे निपटना है। उन्हें यह समझना चाहिए और अभी अपने तौर-तरीके सुधार लेने चाहिए। जनता उन लोगों को सत्ता से नीचे उतार देगी, जो इस समय अहंकार के घोड़े पर सवार हैं।”
पवन खेड़ा ने कहा, “नरेंद्र मोदी, ज्ञानेश कुमार, मोहन भागवत और अमित शाह आज रात सो नहीं पाएंगे और न ही आगे कभी चैन की नींद सो पाएंगे, क्योंकि उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। अगर ज्ञानेश कुमार सोचते हैं कि आज हमारे घर चले जाने से सब कुछ खत्म हो गया है, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह केवल शुरुआत है। अभी कुछ भी खत्म नहीं हुआ है।”




