व्हाट्सएप पर भेजी चालान की एपीके फाइल: मोबाइल का एक्सेस लेकर खाते से उड़ाए 4.40 लाख, गुजरात से ठग गिरफ्तार

पीड़ित का कहना है कि 23 अगस्त को उनके व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 4.40 लाख रुपये निकल गए।व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और बैंक खाते से 4.40 लाख रुपये उड़ाने के मामले में मुनिकीरेती पुलिस ने गुजरात से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजता था। फाइल डाउनलोड करते ही उसके पास मोबाइल का एक्सेस पहुंच जाता था। इसके बाद वह बैंकिंग संबंधी जानकारी का इस्तेमाल कर खाते से रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देता था।
ढालवाला निवासी नरेशचंद्र रमोला ने 25 सितंबर 2025 को मुनिकीरेती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त को उनके व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 4.40 लाख रुपये निकल गए।शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु की। जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप कॉल और बैंक खातों से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई गई। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि साइबर सेल की तकनीकी सहायता और निगरानी के बाद पुलिस टीम ने बुधवार को अहमदाबाद, गुजरात से पटेल कुणाल दिनेशभाई (41) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अहमदाबाद स्थित अर्बुदा अपार्टमेंट का निवासी बताया गया है।




