इस बार दिवाली पर ज्यादा बिगड़ी हवा की सेहत, घंटाघर का एक्यूआई 271 पहुंचा, पिछले साल 254 था स्तर

त्योहार पर हुई आतिशबाजी का असर दून की हवा में साफ नजर आया। पिछले साल के मुकाबले इस बार वायु प्रदूषण का स्तर अधिक दर्ज किया गया। बढ़ते प्रदूषण से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।दीपावली पर आतिशबाजी का असर दून की आबोहवा पर हर साल दिखाई देता है। इस साल भी बीते साल की तुलना में वायु प्रदूषण अधिक दर्ज किया गया। पिछले साल 20 अक्तूबर को दीपावली के दिन घंटाघर क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 254 तक पहुंच गया था। जबकि इस बार हवा की सेहत अधिक खराब हुई और यहां एक्यूआई 271 रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से एक्यूआई की 24 घंटे थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके जरिए दीपावली से पहले और बाद में विभिन्न स्थानों पर वायु प्रदूषण की स्थिति परखी जा रही है। आंकड़ों के अनुसार बीती छह नवंबर को घंटाघर का एक्यूआई 140 पहुंच गया। जबकि नेहरु कॉलोनी में वायु की गुणवत्ता 106 दर्ज की गई थी। लेकिन त्योहार नजदीक आते ही हवा की सेहत बिगड़ने लगी और एक्यूआई का स्तर भी बढ़ने लगा। सात नवंबर को घंटाघर का एक्यूआई 157 और नेहरु कॉलोनी का 117 रहा।दीपावली के दिन नेहरु कॉलोनी का एक्यूआई 237 रहा। बीते साल की बात करें तो दीपावली के दिन घंटाघर में एक्यूआई 254, नेहरू कॉलोनी में 230 और दून विहार में 182 दर्ज किया गया था। इससे पहले 19 अक्तूबर को भी घंटाघर का एक्यूआई 162 और नेहरू कॉलोनी का 120 तक पहुंच गया था। वहीं, इस साल नवंबर के शुरुआती दिनों से ही प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा था। बीती सात नवंबर को घंटाघर क्षेत्र में एक्यूआई 100 के पार पहुंच गया था।




