उत्तराखंड में आसमान से बरसी आफत: नदियों में बहने, मलबे में दबने से तीन बच्चों समेत 11 की मौत, दो लापता

लगातार जारी मूसलाधार बारिश मंगलवार को उत्तराखंड में कहर बनकर टूटी। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश से हुए हादसों में तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लापता हैं।लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार को अलग-अलग हादसों में प्रदेश में तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। देहरादून में बहने से दो युवाओं और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा लापता है। जबकि कोटद्वार में मां-बेटी बह गईं। वहीं अल्मोड़ा में घर में मलबा आने से मां और बेटा-बेटी, जबकि कमरे में मलबा आने से दो नेपाली मजदूरों की मौत हो गई। जबकि भीमताल में एक बच्ची बह गई।देहरादून के प्रेमनगर में कंडोली-बिधोली पुल के पास मंगलवार तड़के तेज बहाव में स्कॉर्पियो और क्रेटा बह गईं। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने स्कॉर्पियो से हरियाणा निवासी 22 वर्षीय संभव को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि उसके साथी 21 वर्षीय अक्षय निवासी जयपुर का शव वाहन से बरामद हुआ। दोनों प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान के छात्र थे।दूसरी क्रेटा में श्रीगंगानगर निवासी अंश बवेजा, सहज प्रीति कौर और कनन सचदेवा सवार थे। टीम ने अंश और सहज को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि 19 वर्षीय कनन सचदेवा का शव नदी से बरामद हुआ। कनन टाटिया यूनिवर्सिटी, श्रीगंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। वहीं, रायपुर क्षेत्र के बालावाला में 10 वर्षीय दिव्यांग बच्चा नहर में बह गया।पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने देर शाम तक उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। वहीं, पटेलनगर के आईएसबीटी चौकी क्षेत्र से लापता 12 वर्षीय सम्राट का शव बड़ोवाला पुल के पास आसन नदी किनारे मिला। परिजनों ने बच्चे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। घर के पास बहने वाले बरसाती नाले के आसन नदी में मिलने के कारण एसडीआरएफ ने नाले और नदी में तलाशी अभियान चलाया। शाम करीब साढ़े सात बजे बच्चे का शव बरामद हुआ।वहीं, पौड़ी के पैठाणी थाना क्षेत्र में ग्राम पल्ली के अंतर्गत नागधार तोक पैठाणी निवासी आशा देवी (33) पत्नी दलवीर सिंह के पश्चिम नयार नदी में बह गईं। देर रात तक उनकी तलाश जारी रही, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।




