होटल में बड़ा हादसा; पर्यटकों से भरी लिफ्ट की तार टूटी, पांचवीं मंजिल से सीधी ग्राउंड फ्लोर पर गिरी

पर्यटक होटल के रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद कुछ पर्यटक लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट की तार टूट गई।वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में देर रात बड़ा हादसा हो गया। होटल की पांचवीं मंजिल पर बने रेस्टोरेंट से खाना खाकर नीचे लौट रहे पर्यटकों की लिफ्ट अचानक खराब होकर गिर गई। हादसे में लिफ्ट में सवार पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से 22 सदस्यीय दल तीर्थनगरी घूमने आया हुआ था। सभी लोग देर रात होटल के रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद कुछ पर्यटक लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट की तार टूट गई और लिफ्ट पांचवीं मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। हादसे के समय जोरदार आवाज सुनकर होटल कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर दौड़ पड़े।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पर्यटकों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल पर्यटकों ने होटल प्रबंधन पर लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।उनका कहना है कि यदि समय-समय पर तकनीकी जांच कराई जाती तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था। कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




