महिला आरक्षण के नाम पर लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं सुप्रिया श्रीनेत

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा, कांग्रेस पूरी तरह से महिला आरक्षण की पक्षधर महिलाओं को ढाल बनाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की हर कोशिश करेंदेहरादून। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण के नाम पर देश के लोकतंत्र, संघीय ढांचे और संविधान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जानबूझकर परिसीमन व पुरानी जनगणना से जोड़ दिया है। कांग्रेस पूरी तरह से महिला आरक्षण की पक्षधर है।
मंगलवार को कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता में सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, हम महिला आरक्षण के पूरी तरह पक्ष में हैं, लेकिन महिलाओं के नाम पर देश को बांटने की साजिश को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह महिला आरक्षण नहीं, बल्कि देश के राजनीतिक नक्शे को बदलने और संविधान पर हमला करने की कोशिश थी। जब देश की महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान का सवाल आता है, तब सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है, चाहे उन्नाव, हाथरस या अंकिता भंडारी जैसे मामले हों।सरकार का असली एजेंडा महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ लेना है। बिना जातिगत जनगणना के न्यायसंगत आरक्षण संभव नहीं है और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए अलग आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।




