ट्यूशन से लौट रहा था छात्र, ट्रेन की चपेट में आने से मौत, कानों में लगा था हेडफोन, नहीं सुन पाया आवाज

किशोर ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। वह रेलवे ट्रैक से घर जा रहा था, इस दौरान पीछे से ट्रेन आई और वह उसकी चपेट में आ गया। इस दौरान उसने हेडफोन लगाए हुए थे।हेडफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर चलने की लापरवाही में 17 साल के छात्र अभिनव कुमार ने छीन ली। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अजबपुर कलां में रेलवे ट्रैक पर हादसा हुआ।पुलिस के अनुसार, मूल रूप से देवप्रयाग निवासी अभिनव कुमार (17) पुत्र ताराचंद वर्तमान में अपने परिवार के साथ बैंक कॉलोनी, अजबपुर कलां में रहता था। मंगलवार शाम वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। घर पहुंचने के लिए उसने रेलवे ट्रैक का रास्ता चुना और ट्रैक पर पैदल चलते हुए मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था और हेडफोन लगाए हुए थे।इसी दौरान पीछे से एक ट्रेन आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, ट्रेन चालक ने कई बार हॉर्न बजाकर चेतावनी देने का प्रयास किया, लेकिन कानों में हेडफोन लगे होने के कारण किशोर को ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी।नतीजतन वह समय रहते ट्रैक से नहीं हट पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया। उसका एक पैर कट गया और वह ट्रैक के किनारे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर के कानों में मोबाइल की लीड लगी हुई थी, जिसके कारण वह ट्रेन के हॉर्न और आवाज को नहीं सुन सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




