राष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी में अंतिम पग पार सेना का हिस्सा बने 515 कैडेट, नया अध्याय जुड़ा

सैन्य अनुशासन, परंपरा और नए इतिहास के संगम के रूप में भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) का यह वर्ष याद किया जाएगा। पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में 515 जेंटलमैन कैडेट अंतिम पग पार कर भारतीय सेना और मित्र देशों की सेनाओं का हिस्सा बने।देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड ऐतिहासिक बन गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में 158वीं भव्य पासिंग आउट परेड संपन्न हुई, जिसमें कुल 515 जेंटलमैन कैडेट्स अंतिम पग पार कर भारतीय सेना और मित्र देशों की सेनाओं का अभिन्न अंग बन गए। इनमें 481 भारतीय कैडेट और 16 मित्र देशों के 34 कैडेट शामिल रहे। खास बात यह रही कि पहली बार नौ महिला सैन्य अफसरों को आईएमए से कमीशन मिला और वे भारतीय सेना में शामिल हुईं।शनिवार को आईएमए परेड की शुरुआत निर्धारित समय पर 6:40 बजे हुई, जिसके बाद परेड ग्राउंड में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह आईएमए पहुंचीं और चैटवुड भवन में परेड की सलामी ली। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।परेड के दौरान कैडेट्स ने कदमताल करते हुए अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का संदेश दिया। अंतिम पग पार करते ही पूरा ग्राउंड तालियों की गूंज से भर उठा। इसके बाद पीपिंग सेरेमनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर रैंक सजाई गई।




