चार दिन बाद झमाझम बरसे बदरा; गर्मी से मिली राहत, देहरादून और कुमाऊं के कई जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।चार दिनों तक गर्मी और उमस झेलने के बाद देहरादून में मौसम ने अचानक करवट ली। पहले शहर के कुछ इलाकों में हल्की रिमझिम बारिश हुई, जिसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं कई स्थानों पर जलभराव और यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।मौसम विभाग ने देहरादून के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। अलर्ट के बाद कई क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। दिनभर गर्मी से परेशान लोग शाम को मिली राहत से खुश नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।




