भाजपा नेता का कत्ल: विकासनगर में आगजनी, पथराव और बवाल के बाद 25 मुस्लिम परिवार छोड़ गए घर, मस्जिद पर भी ताला

देहरादून के सहसपुर थाना इलाके के बैरागीवाला गांव में शनिवार को भाजपा नेता विनोद की हत्या के बाद रविवार को सांप्रदायिक हिंसा और बवाल के बाद 25 मुस्लिम परिवार घर छोड़ गए हैं। मस्जिद पर भी ताला लगा है। पुलिस तैनाती के बावजूद लोग सहम गए।देहरादून के विकासनगर में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में भड़के बवाल ने गांव की सामाजिक तस्वीर बदल दी है। हिंसा, आगजनी और तनाव के बीच 25 से अधिक मुस्लिम परिवार रात के अंधेरे में अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं।गांव के मुस्लिम मोहल्लों में सन्नाटा पसरा है और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद परिवारों के मन से असुरक्षा और दहशत का डर नहीं निकल पा रहा है। भाजपा नेता की मौत के बाद गांव में बड़ी संख्या में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता पहुंच गए। स्थानीय लोग भी सड़कों पर उतर आए। हाथों में डंडे लिए भीड़ एक मस्जिद की ओर बढ़ी, जिसे पुलिस ने मुश्किल से रोका। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के मकानों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि सुबह 10 बजे तक कार्रवाई नहीं होने पर वे स्वयं कदम उठाएंगे। निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होने पर आरोपियों के दो घरों में आग लगा दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटनाक्रम के बाद शनिवार रात से ही कई मुस्लिम परिवार अपने घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए।




