कार पार्किंग विवाद में खूनी संघर्ष, धारदार हथियारों से हमला

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र के भंडारी बाग मुस्लिम कॉलोनी में कार पार्किंग पर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शिकायतकर्ता हनन मकरानी निवासी रीठा मंडी मुस्लिम कॉलोनी ने पटेलनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भांजे जकी और भाई रिहान पर धारदार हथियार, रॉड और डंडों से हमला किया गया।तहरीर के अनुसार, 22 जुलाई की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच जकी की पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से कार पार्किंग को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान उबेद, गनी, रैयान, कादिर और हमजा ने चापड़ से हमला किया, जबकि गोलू, असद, फिरोज, हाकिम, गुफरान और अब्दुल्लाह ने रॉड और डंडों से मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचा तो उसका भाई हर्ष और जीजा जाकिर पहले से वहां मौजूद थे। तीनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल लोगों को बचाया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।तहरीर में कहा गया है कि हमले में जकी और रिहान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को शिकायतकर्ता के भाई शोएब और जीजा जाकिर दून अस्पताल ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। शिकायत के साथ अस्पताल की उपचार पर्ची और घायलों की तस्वीरें भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई हैं। हनन मकरानी ने आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन्हें कानून का कोई भय नहीं है। उनका कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।




