स्कूल स्तर पर ही हीटवेव एक्शन प्लान होगा तैयार, निर्देश जारी, अमर उजाला की खबर का असर

स्कूल स्तर पर ही हीटवेव एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। शिक्षा महानिदेशक ने इस संबंध में सभी सीईओ को निर्देश जारी किए हैं।राज्य के सभी स्कूलों में नियमित अंतराल में वाटर बेल बजेगी। वहीं, स्कूल स्तर पर हीटवेव एक्शन प्लान तैयार होगा। अमर उजाला के मंगलवार 21 अप्रैल के अंक में स्कूलों में नहीं बजी पानी की घंटी, आदेश बेअसर शीर्षक खबर प्रकाशित होने के बाद शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह ने सभी सीईओ को इस संबंध में निर्देश जारी किया है।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हीटवेव की चुनौती से निपटने के लिए सभी स्कूलों में नियमित अंतराल में पानी के लिए घंटी बजाने के निर्देश दिए थे। ताकि छात्र-छात्राएं पानी पी सकें, लेकिन यह आदेश अब तक जमीनी स्तर पर नहीं पहुंच पाया था। अमर उजाला की खबर के बाद शिक्षा महानिदेशक ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। निर्देश में कहा गया है कि हर स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार स्कूल समय में भी बदलाव किया जा सकता है।




