छठ पूजा पर घर लौटने की जल्दी, राप्ती गंगा और लिंक एक्सप्रेस में उमड़ी भीड़, फर्श पर बैठकर ही सफर

छठ पर्व के लिए घर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ के चलते सफर चुनौती बन गया है। राप्ती गंगा और लिंक एक्सप्रेस में यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।छठ पूजा पर अपने घर पहुंचने की उत्सुकता में प्रवासियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़ी। राप्ती गंगा और लिंक एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में यात्री बिहार और पूर्वांचल की ओर रवाना हुए। ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ का आलम यह रहा कि कई लोगों को बैठने के लिए सीट तक नहीं मिल सकी। ऐसे में मजबूरीवश यात्रियों को ट्रेन के फर्श पर बैठकर ही अपने गंतव्य तक का सफर करना पड़ा।
छठ पर्व पर घर जाने की चाह में हजारों यात्रियों ने ट्रेनों से सफर किया। रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बनी रही। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों के बीच होड़ मच गई। खासकर परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सीट नहीं मिलने के बावजूद यात्रियों ने किसी तरह ट्रेन में जगह बनाई और अपने घरों के लिए रवाना हो गए।स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी तैनात रहे। सुरक्षाकर्मी यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने और प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करने में जुटे रहे।छठ पूजा के मद्देनजर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आज बिहार के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।




