तमक नाले में लापता कर्मचारी की खोज जारी, ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, आवाजाही सुचारू

नाले में पानी सामान्य होने के बाद आपदा के मंजर नजर आए। मलबे में ग्रिफ के वाहन दबे हुए हैं।चीन सीमा को जोड़ने वाले हाईवे पर नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बहने के बाद बाधित हुई वाहनों की आवाजाही को जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के त्वरित प्रयासों से सुचारू कर दिया गया है।
तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया गया, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। मार्ग बहाली के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार जुटी रहीं और युद्धस्तर पर कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था को बहाल किया गया। उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि अस्थाई मोटर मार्ग तैयार कर वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई है। वहीं आपदा में लापता ग्रेफ कर्मी का मंगलवार को भी पता नहीं चल पाया है।सोमवार अपराह्न हुई घटना के बाद मंगलवार को सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस व प्रशासन की टीम दिनभर मौके पर डटी रही। बीआरओ नाले में ह्यूम पाइप डालकर आवाजाही सुचारू करवाने का प्रयास किया गया।




