आज भी बदला रहेगा मौसम का मिजाज; कई जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट

आज पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।दो दिन राहत के बाद शुक्रवार को मौसम बदला तो इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिला। दिन भर की बारिश के चलते पारा मैदान से लेकर पहाड़ तक पारा गिरा। उधर मैदानी इलाकों में कई जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 अगस्त को भी कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।तड़के सुबह शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। आंकड़ों पर डालें तो सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक देहरादून में 7.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री गिरावट के साथ 27.7 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा।सबसे अधिक बारिश की बात करें तो पिथौरागढ़ जिले में कुल 61.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 15 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो 20 अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।




